पटना में बैठक कर रहे विपक्षी दलों पर सम्राट चौधरी ने साधा निशाना

नीतीश कुमार को ‘लोकतंत्र के लिए खतरा’ बताते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि, सीएम आवास में विपक्ष की बैठक सरकारी तंत्र का दुरुपयोग है।

0

बिहार (Bihar) में 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर कई राजनीतिक पार्टियां एक साथ मंच पर जुटी हुई है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर जमकर निशाना साधा है। नीतीश कुमार को ‘लोकतंत्र के लिए खतरा’ बताते हुए सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) ने कहा कि, सीएम आवास में विपक्ष की बैठक सरकारी तंत्र का दुरुपयोग है।

विपक्षी दलों की बैठक को लेकर पूछे गए एक सवाल पर सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) ने कहा कि, कांग्रेस से लाठी खाए लोग आज कांग्रेस के साथ बैठक कर रहे हैं। इन लोगों को शर्म भी नहीं आती। आने वाले लोकसभा चुनाव में एक बार फिर नरेंद्र मोदी की सरकार बनेगी।

सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) यह याद दिलाना नहीं भूले कि लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती का नाम भी आपातकाल के मीसा कानून पर रखा गया है। सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) ने विपक्षी दलों की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा ‘वहां विभिन्न राजनीतिक दलों कि बैठक का आयोजन करना सही नहीं हैं। यह सरकारी तंत्र का दुरुपयोग है।’ उन्होंने कहा कि, नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री पद पर रहना ‘लोकतंत्र के लिए खतरा’ है। सम्राट चौधरी ने कहा कि, नीतीश कुमार किसी भी तरह की बैठक कर लें, लेकिन उनको कोई फायदा नहीं होने वाला है।

उन्होंने कहा, नीतीश कुमार कुछ दिनों तक विधायकों के बल पर रह सकते हैं, लेकिन उनका हटना तय है। सम्राट चौधरी ने बैठक में भाग लेने वालों को ‘लूटने वाले’ बताते हुए कहा कि, इस बैठक में शामिल लगभग सभी नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। उन्होंने कांग्रेस को दोहरा चरित्र अपनाने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि, राहुल गांधी ने ही अध्यादेश फाड़ा था। चौधरी ने कहा कि, अगर इस बैठक में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित कर दिया जाता तो उन्हें बेहद खुशी होती।

सम्राट चौधरी ने विपक्षी दलों को चुनौती देते हुए कहा कि, वे चाहें तो नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दें, लेकिन बीजेपी लोकसभा चुनाव में 400 सीटें अवश्य जीतेगी और ऐसा न होने पर वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। बता दें कि, बिहार की राजधानी पटना में विपक्षी दलों के बड़े नेताओं की मीटिंग हुई है जिसमें 2024 के लोकसभा चुनावों को लेकर बीजेपी से लड़ने की रणनीति पर चर्चा होने की बात कही जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here