केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार के बजट को मंगलवार को स्वीकृति दे दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दिल्ली सरकार को भी दे दी है। इसके साथ अब दिल्ली के बजट पेश होने का मोड़ भी साफ हो गया है। बता दें कि, दिल्ली सरकार का बजट आज पेश होना था, लेकिन अब उम्मीद जताई जा रही है कि इसे 22 या 23 मार्च को पेश किया जाएगा। बता दें कि दिल्ली विधानसभा के मौजूदा सत्र का कार्यकाल 23 मार्च तक है।
उपराज्यपाल कार्यालय में सूत्रों ने बताया कि, गृह मंत्रालय ने दिल्ली सरकार के बजट को मंजूरी दे दी है और आम आदमी पार्टी की सरकार को यह सूचना दे दी गयी है। यह बयान केंद्र तथा दिल्ली सरकार के बीच इस मुद्दे पर विवाद पैदा होने के बाद आया है। इससे पहले आज दिल्ली के वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा था कि, बजट की फाइल केंद्रीय गृह मंत्रालय को उसकी स्वीकृति के लिए फिर से भेजी गयी है।
बता दें कि, दिल्ली सरकार का साल 2023-24 का बजट मंगलवार को पेश किया जाना था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इस संबंध में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार और केंद्र सरकार ने विभिन्न मुद्दों में आवंटन को लेकर एक दूसरे पर आरोप लगाए।
वही, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा केंद्र पर आरोप लगाए जाने के बाद गृह मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने कहा था कि मंत्रालय ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है क्योंकि उसके बजट प्रस्ताव में बुनियादी ढांचे और अन्य विकास पहलों के बजाय विज्ञापन के लिए पैसे का काफी ज्यादा आवंटन किया गया था। हालाँकि, अब गृह मंत्रालय ने दिल्ली सरकार के बजट को मंजूरी दे दी है।


