Umesh Pal Murder Case के आरोपी नफीस बिरयानी की ह्रदय गति रुकने से मौत

0
Umesh Pal Murder Case

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के बहुचर्चित उमेश पाल तिहरे हत्याकांड (Umesh Pal Triple Murder Case) में कथित तौर पर शामिल नफीस बिरयानी की रविवार देर रात ह्रदय गति रुकने से मृत्यु हो गई। नफीस बिरयानी (Nafees Biryani) को माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed) का भी करीबी माना जाता था।

नैनी केंद्रीय कारागार में बंद नफीस बिरयानी (Nafees Biryani) की तबीयत खराब होने पर रविवार शाम को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रयागराज पुलिस के मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उमेश पाल तिहरे हत्याकांड में वांछित नफीस बिरयानी (Nafees Biryani) को 22 नवंबर, 2023 को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। उस पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित था। रविवार देर रात को हृदय गति रुकने से उसकी मृत्यु हो गई।

चिकित्सकों के मुताबिक, मौत की वजह शुरुआती जांच में ह्रदय गति रुकना है। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। बता दें कि उमेश पाल और उसके दो सुरक्षा गार्ड पर हमले के दौरान जिस कार का प्रयोग किया गया था, वह कथित तौर पर नफीस बिरयानी की थी।

उमेश पाल हत्याकांड (Umesh Pal Murder Case) सहित 100 से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की इसी साल 15 अप्रैल को प्रयागराज के काल्विन अस्पताल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, गुड्डू मुस्लिम, अशरफ की पत्नी जैनब सहित कई अभियुक्त फरार हैं। पुलिस इन आरोपियों की तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here