संसद सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर बवाल, लोकसभा से 14 सांसद सस्पेंड

14 सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। इनमें 9 कांग्रेस, 2 सीपीएम, 1 सीपीआई और 2 डीएमके के सांसद थे।

0

लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने संसद की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग करते हुए गुरूवार को भारी हंगामा किया। जिसके कारण 14 सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। इनमें 9 कांग्रेस, 2 सीपीएम, 1 सीपीआई और 2 डीएमके के सांसद थे। इनमें कांग्रेस के टीएन प्रतापन, हिबी इडेन, जोतिमणि, रम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस शामिल हैं।

दरअसल, लोकसभा में भी जमकर हंगामा हुआ। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के नेताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। लोकसभा में ज़्यादातर विपक्षी सांसद स्पीकर की कुर्सी के पास पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इस दौरान विपक्षी सांसद गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफ़े की मांग कर रहे थे। स्पीकर ने कहा कि लोकसभा की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी लोकसभा सचिवालय की है और इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं कर सकता है। विपक्षी सांसदों की मांग है कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सदन में आएं और कार्यवाही में हिस्सा लें।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, ‘हम सब सहमत हैं कि कल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना लोकसभा सदस्यों की सुरक्षा में गंभीर चूक थी।’ उन्होंने कहा कि इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष के निर्देश पर उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इस मुद्दे पर किसी भी सदस्य से राजनीति की अपेक्षा नहीं की जाती, हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि संसद में सुरक्षा में चूक की इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं और उस समय के लोकसभा अध्यक्षों के निर्देशानुसार मुद्दों पर कार्रवाई की जाती रही है। संसदीय कार्य मंत्री ने शोर-शराबा कर रहे विपक्षी सदस्यों से कार्यवाही आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here