Bareilly: बारिश का पानी बना काल, 24 घंटे में तीन युवकों की डूबकर मौत

0
Bareilly

बरेली में मानसून की पहली बारिश जानलेवा साबित हुई। मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया तो आंवला में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई थी। इस इलाके में 24 घंटे के दौरान तीन युवक बारिश के पानी में डूब गये, जबकि एक युवक अब भी लापता है. एसडीआरएफ की टीम ने तीनों के शव बरामद कर लिए हैं। लापता युवक की तलाश जारी है।

आंवला क्षेत्र के भीमपुर गांव का लाखन (30) शुक्रवार सुबह अपने खेत पर धान की रोपाई करने की बात कहकर निकला था। पड़ोसी गांव अख्तरपुर के लिए जाने वाले मार्ग पर बारिश का पानी भरा हुआ था। इसी रास्ते पर बनी पुलिया भी पानी में डूबी हुई थी। जैसे ही लाखन पुलिया पर पहुंचा, उसका पैर फिसल गया और सड़क किनारे भरे पानी में डूब गया।

लाखन को डूबता देख गांव के ही प्रशांत उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। वह भी डूबने लगा तो आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचा लिया। तब तक लाखन गहरे पानी में समा चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। नाव में बैठकर करीब दो घंटे तक लाखन की तलाश की गई। काफी मशक्कत के बाद उनके शव को निकाला गया।

बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने पहली बार गांव में बारिश के पानी का ऐसा सैलाब देखा है। ग्राम प्रधान श्रीपाल सिंह लोधी ने बताया कि गांव के चारों ओर व खेतों में बारिश का पानी भरा हुआ है। आंवला-भीमपुर-अख्तरनगर के बीच संपर्क मार्ग भी पानी में डूब गया है।

एक माह पहले हुई थी पिता की मौत

लाखन के पास थोड़ी सी जमीन है। वह मेहनत-मजदूरी करके गुजारा कर रहे थे। एक माह पहले ही उनके पिता की बीमारी से मौत हो गई थी। एक भाई की भी काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। लाखन अपने पीछे मां, पत्नी व दो बेटे छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ता है। वही अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे।

तालाब में डूबकर किसान की मौत

करुआताल गांव में शुक्रवार दोपहर खेत में धान लगाते समय किसान सुरेंद्र (22) पानी के तेज बहाव में बहकर तालाब में चला गया। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, पर वह गहरे पानी में समा गया। काफी खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिला तो राजस्व विभाग की टीम ने देर शाम चौबारी गांव से गोताखोर बुलवाए। देर रात उसका शव तालाब से निकाल लिया गया।

24 घंटे बाद अरिल नदी में मिला शव

बृहस्पतिवार को बारीखेडा गांव निवासी गोपीचंद वर्मा (21) मउचंदपुर गांव के पास बह रही अरिल नदी में पैर फिसलने से डूब गया। शुक्रवार को पीएसी व एसडीआरएफ की टीमें उसकी तलाश में जुटी रहीं, लेकिन शाम छह बजे तक कोई भी सुराग नहीं लग पाया था। एसडीआरएफ टीम ने शनिवार सुबह सात बजे उसका शव नदी से निकाल लिया। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बाइक समेत नदी में बहा युवक लापता

गांव महमूदपुर का गुरदयाल उर्फ गुड्डू (27) घर से रामनगर बैंक जाने के लिए बाइक से गया था। जैसे ही वह अरिल नदी पुल से गुजर रहा था, बाइक समेत नदी में बह गया। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर युवक की तलाश की, लेकिन शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया। शनिवार को दोबारा उसकी खोजबीन शुरू की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here