तीन दिन से लापता थी बेटी, कुएं में मिली अर्धनग्न लाश

शव मिलने के बाद लोगों ने एनएच 75 पर जाम लगा दिया था।

0
9
dead body

चक्रधरपुर स्थित पोटका मस्जिद के बगल के कुएं में सोमवार की सुबह 20 वर्षीय युवती की अर्धनग्न लाश मिली, जिससे हंगामा मच गया। पिछले तीन दिनों से युवती घर से लापता थी। कुएं से शव निकालने पर युवती के मुंह में कपड़ा लगा मिला। परिजनों के मुताबिक बेटी की हत्या की गई है।

युवती का शव मिलने के बाद परिजनों व अन्य लोगों ने एनएच 75 को जाम कर दिया। जाम खुलवाने से पहले पुलिस को काफी दबाव बनाना पड़ा। जानकारी के अनुसार मृतक युवती का नाम सादिया प्रवीन है। उसके पिता रेल विभाग में कार्यरत हैं। पिछले शुक्रवार से सादिया लापता है। बेटी के गुमशुदगी की रिपोर्ट भी परिवार ने चक्रधरपुर थाना में दर्ज कराई थी। घर से 200 मीटर पर सादिया की लाश कुएं में मिली।

कुएं से आ रही थी बदबू 

इलाके के रहने वाले रोहित साह ने रविवार को अपने छोटे भाई मृतक विवेक साह के निधन के बाद कुएं के पास ही श्राद्ध कर्म किया था। सोमवार सुबह जहां पर टेंट लगा हुआ था। उसी के ठीक सामने मौजूद इस कुएं से बदबू आ रही थी।

शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि बदबू कहां से आ रही है। जब लोग कुएं के पास पहुंचे, तो बदबू तेज हो गई। लोगों ने कुएं में झांक कर देखा, तो उनके होश उड़ गए। कुएं में लाश थी। यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई।

मुंह में ठूंसा हुआ था कपड़ा

लोगों की भारी भीड़ जमा होने लगी। सादिया के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे थे। तुरंत ही इसकी सूचना चक्रधरपुर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार और एएसपी कपिल चौधरी घटना स्थल पहुंचे। थाना प्रभारी ने लाश को देखा और इसके बाद लाश को बाहर निकाला। इसके बाद पता चला कि लाश लापता सादिया की थी। सादिया के शव पर कपड़े नहीं थे। और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था।

लोगों ने लगाया एनएच 75 पर जाम

सादिया की लाश मिलने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रांची-चाईबासा मुख्य सड़क मार्ग एनएच-75 को जाम कर दिया गया। लगभग आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस के काफी समझाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुए और यातायात चालू किया गया।

मामले में एएसपी कपिल चौधरी का कहना है कि युवती की लाश कुएं में मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। शक के आधार पर 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्ता कर लिया जाएगा।

परिजनों ने लगाया पुलिस पर आरोप

मृतक युवती सादिया प्रवीन के परिजनों ने घटना के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि बेटी के गुमशुदा होने की जानकारी हमने पुलिस को दी थी। मगर, समय रहते पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की। यदि ऐसा किया जाता तो शायद आज हमारी बेटी जिंदा होती।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here