Delhi: जाफरपुर कलां के सुरहेड़ा गांव में चाकू मारकर किसान की हत्या

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे मृतक पर जादू टोना करवाने का शक था।

0
Delhi

जाफरपुर कलां के सुरहेड़ा गांव में सोमवार की दोपहर एक युवक ने पड़ोसी किसान सुनील (47) की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। बीच-बचाव को पहुंचे चचेरे भाई राजपाल (58) पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों भाइयों को पड़ोसी अस्पताल में ले जाया गया, जहां सुनील को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी विनोद के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे मृतक पर जादू टोना करवाने का शक था। पुलिस ने बताया कि सोमवार दोपहर 12:45 बजे पुलिस को दो लोगों को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि सुनील को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। छानबीन में पता चला कि दोपहर में सुनील खेत में काम कर घर लौट रहा था। घर के पास ही वह दुकान पर बैठकर समोसा खाने लगा।

इसी दौरान विनोद उसके पीछे से आया और सुनील की आंख पर चाकू से हमला कर दिया। सुनील के नीचे गिरते ही आरोपी उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने लगा। सुनील के चचेरे भाई राजपाल अपने घर में सीसीटीवी कैमरा देख रहा था।

उसने विनोद को सुनील पर हमला करते देखा। वह भागकर दुकान पर पहुंचा और बीच बचाव की कोशिश की तो उसे भी चाकू मारे गए। गांव वालों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले अपने खेत में शौच करने को लेकर सुनील का विनोद से झगड़ा हुआ था। पुलिस ने कुछ देर बाद आरोपी को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विनोद ने बताया कि उसे संदेह था कि सुनील ने उस पर कुछ जादू टोना किया है। इसी वजह से उसने हमला किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here