Ghaziabad: प्रेमिका से देर रात मिलने गए प्रेमी की पीट-पीटकर की हत्या

0
ghaziabad

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने की सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित का नाम परवेज बताया गया, जो लोनी के मुस्तफाबाद का रहने वाला था। परवेज़ को मारने के बाद आरोपियों ने खुद पुलिस से संपर्क किया और जब अधिकारी पहुंचे तो आरोपियों ने कहा कि परवेज़ चोरी करने के लिए घर में घुसा था, इसलिए उस पर हमला किया गया।

आरोपियों से मिली सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने परवेज को अधमरी हालत में गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान परवेज की मौत हो गई। मृतक परवेज के पिता ने पिटाई करनेवालों पर उनके बेटे की हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने तफ्तीश की तो मामला कुछ और ही निकलकर सामने आया।

जांच में हुआ खुलासा

पूरे मामले को लेकर जैसे ही पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि हत्या चोरी के शक में नहीं बल्कि किसी और कारण से की गई है। परवेज हत्या के मुख्य आरोपी संजय की बेटी को जानता था। बीती रात संजय की बेटी से मिलने के लिए परवेज आया था। इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया और उसकी खूब पिटाई की। पिटाई से जब परवेज बेसुध हो गया तो पूरे मामले को घुमाने के लिए संजय और परिजनों ने इसे चोरी की नीयत से घर में घुसने का मामला बना दिया।

पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो पचा चला कि परवेज की हत्या किस तरीके से की गई। हालांकि इस मामले में अभी कई परतें खुलनी बाकी हैं। यह बात अभी सामने आनी है कि आखिर परवेज लोनी से खोड़ा संजय के घर पर कैसे आया और ऐसा क्या हुआ कि परवेज को इतना पीटा कि उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

ट्रांस हिंडन के डीसीपी विवेक चंद्र यादव के मुताबिक, देर रात उन्हें सूचना दी गई कि उनके मकान में कोई व्यक्ति चोरी की नीयत से घुसा था, जिसे पकड़कर पीटा गया है। मौके पर पहुंची डायल 112 की गाड़ी ने घायल व्यक्ति को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं मौत के बाद जब मृतक परवेज के परिजन वहां पहुंचे तो उन्होंने बताया कि उनके बेटे की हत्या की गई है, जिसके बाद पुलिस की तफ्तीश में यह सारा मामला सामने खुलकर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here