I.N.D.I.A. गठबंधन में दरार की खबरों के बीच राहुल और नितीश में वार्तालाप

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पीएम उम्मीदवार के रूप में प्रस्तावित किया गया था। इस बैठक के बाद से ही नीतीश कुमार नाराज बताए जा रहे हैं।

0

I.N.D.I.A. गठबंधन में दरार की खबरों के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार शाम बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात की। इन दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई है। ये जानकारी अभी बाहर नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी और नीतीश कुमार ने हाल ही में हुई I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक को लेकर बात की। जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पीएम उम्मीदवार के रूप में प्रस्तावित किया गया था। इस बैठक के बाद से ही नीतीश कुमार नाराज बताए जा रहे हैं।

दरअसल, विपक्षी गठबंधन की 19 दिसंबर को हुई बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खरगे को विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की पैरवी की थी। हालांकि, मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि चुनाव जीतने के बाद ही प्रधानमंत्री पद के चेहरे के बारे में फैसला किया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार का I.N.D.I.A. गठबंधन के नेताओं के साथ कई मुद्दों पर टकराव हुआ है। जिसमें से गठबंधन का नाम बदलकर ‘भारत’ करना भी शामिल था, लेकिन इस प्रस्ताव को सोनिया गांधी ने खारिज कर दिया था।

इसके अलावा हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन से भी नीतीश कुमार खुश नहीं हैं। इस हार के चलते कांग्रेस का सहयोगी दलों के साथ सीट-बंटवारे को लेकर भी विवाद चल रहा है। हालांकि, I.N.D.I.A. गठबंधन के घटक दलों के साथ सीट बंटवारे के सवाल पर कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल ने कहा था कि पार्टी की राष्ट्रीय गठबंधन समिति कांग्रेस की क्षेत्रीय इकाइयों की राय ले रही है और फिर सहयोगी दलों के साथ बातचीत करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here