6 दिसंबर को होने वाली I.n.d.i.a. गठबंधन की प्रस्तावित बैठक इस कारण स्थगित

ममता बनर्जी, सीएम नीतीश कुमार और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने I.n.d.i.a. गठबंधन की कल होने वाली बैठक में आने से इनकार कर दिया था।

0

I.n.d.i.a. गठबंधन की कल यानि 6 दिसंबर की प्रस्तावित बैठक टल गई है। सूत्रों की मानें तो शायद इसकी वजह कई नेताओं का बैठक में ना आना माना जा रहा है। ममता बनर्जी, सीएम नीतीश कुमार और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने I.n.d.i.a. गठबंधन की कल होने वाली बैठक में आने से इनकार कर दिया था। कहा जा रहा था कि ये नेता अपने प्रतिनिधियों को बैठक में भेज सकते हैं, लेकिन अब ये बैठक ही टल गई है।

कांग्रेस सूत्र ने बताया, ‘विपक्षी गठबंधन ‘ I.n.d.i.a.’ के कुछ घटक दलों के प्रमुख नेताओं की अनुपलब्धता के चलते बुधवार को होने वाली बैठक स्थगित की गई, लेकिन गठबंधन की ‘अनौपचारिक समन्वय बैठक’ होगी जिसमें पार्टियों के संसदीय दल के नेता शामिल होंगे।’

सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार और अखिलेश यादव कांग्रेस द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं होने वाले दूसरे और तीसरे हाई-प्रोफाइल नेता बन गए हैं। सोमवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह इंडिया गठबंधन में शामिल नहीं होंगी। कांग्रेस के साथ तनावपूर्ण संबंधों के बीच तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें बैठक के बारे में जानकारी नहीं थी।

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता 2024 के लोकसभा चुनावों की रणनीति तैयार करने के लिए 6 दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक करने वाले थे।

सूत्रों का कहना है कि, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक के नेता एमके स्टालिन चक्रवात के कारण पैदा हुए हालात के चलते बैठक में शामिल नहीं हो सकते थे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अस्वस्थ हैं तथा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के परिवार में वैवाहिक कार्यक्रम है। ऐसे में आगे की तिथि के लिए बैठक को स्थगित किया गया है।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here