Jhansi: बुंदेलखंड के झांसी (Jhansi) से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के स्यावनी गांव में पति को जुए की ऐसी लत लगी कि उसने जुए के लिए उधार दिए गए रुपये के बदले में सूदखोरों को अपनी पत्नी एक रात के लिए दे दी। सूदखोरों में से एक व्यक्ति ने एक रात के लिए पति से उसकी बीवी की मांग कर दी तो जुए में पैसा हार चुका व्यक्ति सूदखोरों की बात भी मान गया और पत्नी को लेकर सूदखोर के घर भी पहुंच गया। पत्नी ने इसका विरोध किया और थाने में शिकायत दर्ज करा दी।
उधार के पैसे दो, नहीं तो पत्नी को भेजो
झाँसी (Jhansi) के स्यावनी गांव की रहने वाली एक महिला का आरोप है कि उसके पति को जुए खेलने की लत लग गई है। वह दीपावली के दिन भी जुआ खेल रहा था और वह सारे पैसे हार गया था। फिर उसने गांव के ही दो लोगों से पैसे उधार लिए जो अक्सर जुआ खेलने और शराब पीने के लिए दूसरों को पैसे उधार देते हैं। ऐसे लोग सूदखोर हैं और जो लोग पैसे उधार नहीं दे पाते। उनसे कहते हैं कि अपनी बीवी को एक रात के लिए लेकर आओ तो पैसा माफ कर देंगे। महिला का आरोप है कि उसका पति भी सूदखोरों से लिए पैसे जुए में हार गया था और उन लोगों ने उससे भी वही मांग कर दी थी।
पुलिस करेगी जांच
महिला ने कहा कि वे लोग पैसे नहीं देने पर धमकाते हैं और महिला को नहीं भेजने या उसके विरोध करने पर धमकाते हैं। महिला का ये भी आरोप है कि पुलिस से शिकायत के बाद भी अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। सूदखोरों पर आरोप है कि पहले भी उधार पैसा नहीं देने पर कई लोगों से उन्होंने एक रात के लिए पत्नी को घर भेजने का दबाव बना चुके हैं।
मामला सामने आने के बाद एसपी देहात गोपीनाथ सोनी ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है। उसने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला के पति ने गांव के दो लोगों से तीन हजार रुपये उधार लिए थे। उसे पैसे उन लोगों को वापस ना करना पड़े इसे लेकर ये सारा मामला हुआ है। पुलिस इसकी पूरी जांच कर रही है, जो भी दोषी होगा उसे सजा मिलेगी।














