कौशाम्बी: पत्नी से मारपीट से क्षुब्ध होकर की थी भोंदू की हत्या

0
Kaushambi

Uttar Pradesh: कौशाम्बी जिले (Kaushambi) के करारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात हुई अधेड़ की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पत्नी से मारपीट से क्षुब्ध युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही एक युवक और उसके दो साथियों को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीन लोग अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

घटनाक्रम के मुताबिक करारी थाना क्षेत्र के बड़ी पवैया गांव में शुक्रवार की रात भोंदू सरोज की लाठी डंडे और कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई थी। भोंदू सरोज की हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और जांच में जुटी हुई थी। परिजनो की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही अर्जुन को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की तो अर्जुन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस को अर्जुन ने बताया कि उसकी पत्नी को कुछ दिनों पूर्व भोंदू ने मारा पीटा था, जिसमे उसकी पत्नी को चोट आ गई थी, जिससे आक्रोशित होकर उसने अपने साथियों टुइया, रामबाबू , मूलचंद्र, फूलचंद्र और नरेश के साथ मिल कर हत्या की थी।

अर्जुन की निशानदेही पर पुलिस ने आला कत्ल कुल्हाड़ी और लाठी बरामद कर लिया और अर्जुन, रामबाबू और टुईया को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फूलचंद्र और मूलचंद्र और नरेश अभी तक फरार है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here