कौशाम्बी: जिले में भीषण गर्मी से बेहाल यमुना (Yamuna river) में नहाने गए दो सगे भाई और एक दोस्त की यमुना में डूबने से मौत हो गई जबकि एक को बचा लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने यमुना में डूबे तीनों किशोर के शव को बरामद कर लिया है। किशोरों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पिपरी थाना क्षेत्र के सेवढ़ा गांव के रोहित उम्र 16 वर्ष, मोहित 12 वर्ष, (दोनों सगे भाई) तीसरा सूरज हेला 15 वर्ष और एक अन्य अनिकेश गर्मी से बचने के लिए यमुना (Yamuna river) में नहाने गए थे। नहाने के दौरान सभी गहरे पानी में चले गए। शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़कर आए और सभी की खोज शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने गोताखोर की सहायता से सभी को बाहर निकाला लिया लेकिन तब तक मोहित, रोहित और सूरज की मौत हो चुकी थी जबकि अनिकेष की जान बच गई।
इस घटना से गांव में कोहराम मचा गया। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।














