Rajasthan: हैवान बना पति, पत्नी को डायन बताकर गर्म चिमटे से दागा

पीड़िता का आरोप है कि पति आए दिन उससे मारपीट करता है।

0
Rajasthan

Rajasthan: चूरू क्षेत्र में एक पति द्वारा दरिंदगी की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति ने अपनी पत्नी को डायन बताते हुए उस पर भूत-प्रेत के साए की बात कहकर उसे गर्म चिमटे से जगह-जगह से दाग दिया। गर्म चिमटे से दागी गई पीड़िता महिला थाने में संचालित महिला सुरक्षा व सलाह केंद्र पहुंची। वहां उसने अपने पति से बचाने की गुहार लगाई। पीड़िता के मुताबिक पत्नी ने कथित तौर पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार पति की प्रताड़ना से परेशान होकर 28 वर्षीय महिला अपने पीहर गांव बूंटिया आई। वहां उसने सरपंच बंशीधर को आप बीती बताई। उसके बाद सरपंच बंशीधर ने पीड़िता को चूरू महिला थाने में संचालित महिला सुरक्षा केंद्र भिजवाया। यहां महिला ने बताया कि उसकी शादी 11 साल पहले राजस्थान (Rajasthan) के सुजानगढ़ तहसील के गांव गोपालपुरा निवासी शेराराम के साथ हुई थी। उसका पति शराबी किस्म का व्यक्ति है।

पीड़िता का आरोप है कि उसका पति शराब पीकर रुपयों की मांग करता है। इसको लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट भी करता है। महिला ने बताया कि उसका पति उसे डायन कहकर उसके शरीर को गर्म चिमटे से दागता है। आरोपी पति ने 11 जून को भी शराब पीकर उसके साथ मारपीट की। बाद में भूत-प्रेत का साया बताते हुए गर्म चिमटे से उसकी पीठ को दाग दिया।

महिला ने बताया कि वह चिल्लाती रही लेकिन उसके पति पर इसका कोई असर नहीं हुआ। बाद में पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने पीहर बूंटियां पहुंची और बहन को पूरी बात बताई। बहन उसको गांव के सरपंच बंशीधर के पास लेकर गई। सरपंच ने दोनों को महिला थाने में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र पहुंचाया। पीड़िता ने पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला सुरक्षा व सलाह केंद्र ने मामले को काउंसलिंग में रखा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here