तमिलनाडु (Tamil Nadu) के बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी (V Senthil Balaji) की प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) द्वारा गिरफ्तारी के बाद बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) को भी कार्रवाई का डर सताने लगा है। शायद यही वजह है कि उन्होंने कहा कि, हो सकता है कि मेरे खिलाफ भी इस तरह की कार्रवाई की जाए। तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि, अभी तक मेरा चार्जशीट में नाम नहीं है लेकिन जिस हिसाब से देश में माहौल बन रहा है, विपक्ष गोलबंद हो रहा है तो हो सकता है कि सप्लीमेंट्री चार्जशीट लाकर मेरा भी नाम जोड़ दिया जाए।
सप्लीमेंट्री चार्जशीट लाकर मेरा भी नाम जोड़ दिया जाए: तेजस्वी यादव
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि, “जैसे-जैसे 23 जून की तैयारियों को लेकर मीटिंग हो रही है, हम पहले ही कहे थे कि देखिएगा कि कोई बड़ी बात नहीं कि अभी तक मेरा चार्जशीट में नाम नहीं है लेकिन जिस हिसाब से देश में माहौल बन रहा है, विपक्ष गोलबंद हो रहा है तो हो सकता है कि सप्लीमेंट्री चार्जशीट लाकर मेरा भी नाम जोड़ दिया जाए।”
कितनी बार जांच शुरू करके जांच बंद भी कर दिया गया: तेजस्वी
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि, “जिस दिन से सरकार बनी, हम बोले थे कि ये लोग ताबड़तोड़ छापे मारेंगे और उसके बाद से बताइए कितने छापे पड़े। एजेंसियों को भी नहीं पता होगा कि हमारे यहां कितनी बार रेड मारी गई होगी और कितनी बार जांच शुरू करके जांच बंद भी कर दिया गया। फिर वही केस, वही चीजें कर रहे हैं। जितना ये लोग इस तरह की कार्रवाई करेंगे उतना हम मजबूत होंगे।”
वी सेंथिल बालाजी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने किया गिरफ्तार
बता दें कि, आज सुबह ईडी ने तमिलनाडु के बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी (V Senthil Balaji) को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने गिरफ्तार कर लिया। इस बीच जब मेडिकल के लिए उन्हें अस्पताल में लाया गया तो इस दौरान वे फूट-फूटकर रोने लगे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईडी के अधिकारी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इससे पहले मंगलवार को ईडी ने वी सेंथिल बालाजी (V Senthil Balaji) के घर पर छापा मारा था। इरोड के अलावा बालाजी के गृह जिले करूर में भी तलाशी ली गई। ईडी के अधिकारियों ने सचिवालय में बालाजी के कार्यालय के कमरे में भी तलाशी ली थी।














