UP: सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग (Information and Public Relations Department) उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में अवैध वाहन स्टैण्ड संचालन, अवैध वसूली एवं सड़को पर अवैध अतिक्रमण वालों की जांच 1 से 15 अप्रैल तक चलेगी। यह जाँच विशेष अभियान संबंधित विभाग के कर्मियों की संयुक्त टीमें करेगी। यह कार्य सड़क राजमार्गो पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली रोकने के लिए राज्य सरकार द्वारा सख्त कदम उठाया गया है।
अवैध कार्यो को रोकने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाये गए कदम
प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद (Sanjay Prasad) द्वारा समस्त मण्डलायुक्त समस्त पुलिस आयुक्त, समस्त जिलाधिकारी व समस्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिये गये है। निर्देशों में कहा गया है कि, “प्रदेश के सभी जनपदों में जिला प्रशासन, नगर निकाय पीडब्लूडी, अन्य संबंधित विभागों तथा परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त टीमें गठित की जायेगी। यह विशेष टीमें अवैध टैक्सी, बस, रिक्शा स्टैण्ड तथा संचालित अवैध वाहनों, अवैध पार्किंग व अन्य अवैध परिवहन गतिविधियों को रोकने हेतु कराकर अवैध रूप से संचालित गतिविधियों तथा संचालित करने वाले ठेकेदारों आदि के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई कराना सुनिश्चित करेंगी।”
सड़क राजमार्गो पर किसी प्रकार का अतिक्रमण ना हो:संजय प्रसाद
संजय प्रसाद ने आगे कहा है कि, “सड़क राजमार्गो पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो, इस सम्बन्ध में जनपद स्तर पर कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई की जाये। सड़को पर से अवैध अतिक्रमण यथा अवैध बाजार, रेहड़ी, ठेले तथा अवैध होर्डिंग आदि हटवाने हेतु नगर निकाय पीडब्लूडी, विकास प्राधिकरण तथा जनपदीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्ययोजना के अनुरूप अभियान चलाकर कार्रवाई की जाये। अतिक्रमण हटवाने से पूर्व वैकल्पिक स्थल व वेडिंग जोन हेतु स्थान निर्धारित कराकर ही अवैध अतिक्रमण हटवाया जाये। वैकल्पिक स्थानों के चिन्हीकरण के पश्चात ठेले, रेहडी आदि वहाँ पर व्यवस्थापित कराये जाये।”

वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर आकस्मिक चेकिंग कि कार्रवाई की जाये: संजय प्रसाद
प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने यह भी कहा है कि, सड़क राजमार्गो पर किसी प्रकार की अवैध वसूली ना होने पाये। अवैध टोल वैरियर अवैध तहबाजारी वसूली तथा सड़को पर लगने वाले मार्केट से अवैध वसूली के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभाग, जिला प्रशासन तथा तहसील / नगर निकाय के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। इसके अलावा समस्त अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों अपराधियों तथा माफिया तत्वों को चिन्हित कराकर उनके विरुद्ध प्रभावी विधिक कार्रवाई की जाये । ऐसी अवैध गतिविधियाँ संचालित करने वाले अभ्यस्त तत्वों को सड़क परिवहन माफिया के रूप में चिन्हित कराकर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाये सड़क राजमार्गों पर यातायात पुलिस कर्मियों द्वारा अवैध वसूली को रोकने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर आकस्मिक चेकिंग की कार्रवाई की जाये।



