Uttar Pradesh: चाकू गोंदकर युवक को उतारा मौत के घाट

पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

0
Uttar Pradesh

कोतवाली के घमहापुर में गुरुवार की देर रात 35 वर्षीय युवक की चाकू से गोंदकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या की जानकारी होते ही पूरे इलाके में हंगामा मच गया। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या बदले की भावना से की गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार घमहापुर निवासी सौदागर पुत्र अकबरअली अपने साथी इरफान निवासी काशीपुर के साथ मोटर साइकिल से घर आ रहा था। बताया जा रहा है कि घमाहपुर में दोनों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर अपने ही पड़ोसी कासिम, हासिम और आमीन के साथ कहासुनी हो गई है। आरोप है कि इसी से आक्रोशित होकर तीनों ने धारदार हथियार से सौदागर की बेरहमी से हत्या कर दी।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि इसके पहले जून 2021 में सौदागर व इरफान ने क़ासिम के भाई की हत्या की थी। इस संबंध में वे जेल भी जा चुके थे। बीते 13 महीने से दोनों जमानत पर रिहा थे। जून 2021 में हुई वारदात को लेकर दोनों के बीच पहले से ही तनातनी का माहौल था। सौदागर बनारस में टैक्सी चलाने का काम करता था।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, एएसपी राजेश भारती सहित कोतवाली पुलिस ने छानबीन की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली में सौदागर की मां सईदुलनिशा की तहरीर पर कासिम सहित तीन पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here