प्रयागराज के करछना क्षेत्र में स्कूल चलो जागरूक रैली का आयोजन किया गया। जिसमें ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय अंतहिया और पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसही के बच्चों ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया। रैली में मौजूद बच्चो ने सन्देश देते हुए “कोई न छूटे अबकी बार, शिक्षा है सबका अधिकार,” “दीप से दीप जलाएंगे, साक्षर देश बनाएंगे” विभिन्न नारे लगाए। रैली को गांव के मोहल्ले, बाजार व बस्ती से निकलते हुए सभी को प्रेरित किया। जिसके बाद विद्यालय पहुंच रैली का समापन हुआ।
शिक्षा बच्चे का अधिकार है
अंतहिया नोडल शिक्षक लवकुश पांडेय ने 1 अप्रैल से शुरू हुए शैक्षणिक सत्र में अभिभावकों से अपने बच्चों के शीघ्र प्रवेश कराए जाने की अपील भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों का मूल अधिकार है। बच्चों को अपने अधिकार से वंचित करना, एक आपराधिक प्रक्रिया है। हमारे देश के सभी अभिभावकों एवं जिम्मेदार नागरिको द्वारा किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। रैली में शामिल प्रमुख लोगों में शिक्षामित्र गुंजन व संजय, प्रधानाध्यापिका इशरत परवीन आदि शामिल रहे।
रैली में अभिभावकों ने भी लगाये नारे
इसी क्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसही में खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार त्रिपाठी के निर्देश पर स्कूल चलो अभियान की रैली धूमधाम से निकाली गई। बैंड पार्टी के साथ विद्यालय के स्काउट गाइड, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य और अभिभावकों के साथ सभी बच्चे व शिक्षकों ने नारे लगाते हुए रैली निकाली। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रमिला शर्मा, शिक्षक अनुदेशक राजेश यादव, आइस्ता मकसूद, प्रियंका पांडेय सहित बच्चे व अभिभावक शामिल हुए।
