Yamuna Expressway: भैया दूज पर घर जा रहे युवक की हादसे में मौत, 2 घायल

0
Noida

भैया दूज पर मां और बहन के साथ यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली से जालौन जा रहे युवक अरुण (18) की सड़क हादसे मेें मौत हो गई। एक्सप्रेसवे पर बाइक से जा रहे तीनों को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में अरुण की मां पान कुमारी और बहन सोनम घायल हो गईं। जिसमें पान कुमारी की हालत चिंताजनक है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी चालक को तलाश कर रही है।

बीटा-2 थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में हमीरपुर निवासी प्रेमचंद ने कहा कि बहन पान कुमारी परिवार के साथ पश्चिमी-दक्षिणी दिल्ली में राजू एन्क्लेव के पास रहती हैं। मंगलवार सुबह पान कुमारी, बेटे अरुण कुमार और बेटी सोनम के साथ बाइक से जालौन स्थित घर जा रही थीं। बाइक चला रहे अरुण ने हेलमेट लगा रखा था। यमुना एक्सप्रेसवे पर चूहड़पुर अंडरपास के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में अरुण की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से तीनों बाइक सवार अरुण, मां और बहन नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहां अरुण को मृत घोषित कर दिया। पान कुमारी के सिर और सीने में चोट लगने के कारण हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, सोनम का भी हाथ और पैर में फ्रैक्चर है। पुलिस का कहना है कि ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here