भोजपुरी अभिनेत्री और मॉडल आकांक्षा दुबे का वाराणसी के होटल में फंदे से लटकता शव मिला। बताया जा रहा है कि आकांक्षा दुबे ने वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के एक होटल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आकांक्षा ने बहुत ही कम समय में इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वो मबूलरुप से भदोही की रहने वाली थी। उत्तर प्रदेश की जानी मानी कलाकारों में उनकी गिनती होती थी। आकांक्षा ने भोजपुरी सिनेमा, संगीत और फिल्मों में भी काम किया था। उत्तर प्रदेश की अलावा उनकी पूरे देश में भी अच्छी फैन फॉलोइंग है।
फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में आई थी वाराणसी
जानकारी के मुताबिक आकांक्षा एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी आई थी। वाराणसी के सारनाथ स्थित होटल सोमेंद्र में बाकी फिल्म यूनिट के साथ वह भी रुकी हुई थी। रविवार सुबह जब काफी देर बाद भी वह कमरे से बाहर नहीं निकली और होटल स्टाफ को भी शक हुआ। इसके बाद फिल्म यूनिट से जुड़े हुए लोगों को इसकी जानकारी दी गई। यूनिट के लोगों और होटल के स्टाफ ने जब दरवाजा खोला तो सामने आकांक्षा दुबे फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली।
फिल्म की यूनिट से जुड़े हुए लोगों से पूछताछ
इधर घटना की सूचना पर सारनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। इसके बाद शव को फंदे से उतरवाकर जांच शुरू की। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस फिल्म की यूनिट से जुड़े हुए लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आकांक्षा दुबे के घर वालों को भी इसकी सूचना दी गई है। आखिर वो कौन सी वजह थी जिसके कारण फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने ये कदम उठाया या फिर यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। फिलहाल पुलिस दोनों एंगल पर अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है। वहीं, आकांक्षा की मौत पर उसके चाहने वाले सदमे में हैं।
आकांक्षा का जन्म 21 अक्टूबर 1999 को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक मिडिल क्लास हिंदू परिवार में हुआ था। आकांक्षा इंस्टाग्राम पर रील्स भी बनाती थीं।आकांक्षा दुबे तीन साल की उम्र में पेरेंट्स के साथ मुंबई शिफ्ट हुई थीं। उनके पेरेंट्स उन्हें आईपीएस अफसर बनाना चाहते थे। लेकिन उनका मन डांस और एक्टिंग में था। बचपन से ही उन्हें टीवी देखने पसंद था। इसी पैशन को फॉलो करने के बाद वो फिल्मी दुनिया में आई थीं। मुंबई में पढ़ाई करने के बाद आकांक्षा ने अपना करियर फिल्मों में शुरू किया था।


