Uttar Pradesh: शिक्षिका ने ससुराल वालों से तंग आकर की आत्महत्या

उसने जहर की गोलियां खा ली, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

0
46
commits suicide

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक शिक्षिका ने ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग आकर खुदकुशी कर ली। शिक्षिका ने मरने से ठीक पहले अपनी मौत का लाइव वीडियो बनाया था। उन्होंने इस वीडियो में अपना दर्द बयां किया। उन्होंने जहर की गोलियां लीं और कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। शिक्षिका द्वारा मौत से पहले बनाए गए वीडियो को देखकर हर कोई हैरान है। वीडियो में शिक्षिका कह रही है। बाय मैं जा रही हूँ। अब आप लोग खुश रहना। बहुत परेशान किया है न आप लोगों को। अब कभी परेशान नहीं करूंगी।

मामला गंजडुडवारा कोतवाली क्षेत्र के नॉर्मल कालोनी का है। यहाँ के निवासी महेंद्र सिंह की पत्नी रंजना, स्वतंत्रता सेनानी श्याम बाबू वैदिक कन्या इंटर कालेज में पढ़ाती थीं। शुक्रवार की दोपहर वह घर पर बेसुध स्थिति में मिली। परिजनों ने देखा तो उसे निजी अस्पताल ले गए। यहाँ डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

जानकारी पर आस-पास के लोग भी एकत्रित हो गए। खबर पाकर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर सीओ आरके तिवारी, कोतवाल हरिभान सिंह राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। मौजूद लोगों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर फ्रिंगर प्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए।

पांच लाख रुपये की कर रहे थे मांग

रंजना के पिता धर्मेंद्र निवासी जोगा बेवर, मैनपुरी ने पति महेंद्र, ससुर नेकसेलाल, सास मंजू, नंद अलका, गुड्डी देवी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। बताया कि उन्होंने शिक्षिका बेटी रंजना की शादी 2016 में महेंद्र के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति और अन्य ससुरालीजन उससे दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इसके लिए बेटी को आए दिन प्रताड़ित करने लगे। कई बार समझाया लेकिन नहीं माने। वह रंजना का उत्पीड़न करते रहे। इसी वजह से बेटी आत्महत्या कर ली।

तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

कोतवाल हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि शिक्षिका के पिता ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में पति महेंद्र सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहाँ से उन्हें जेल भेजा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here